New Delhi: दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को मध्यम बारिश हो सकती है जिससे तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। हालांकि मॉनसून ने 30 जून को शहर में जोरदार दस्तक दी थी, लेकिन बाद के दिनों में कम बारिश के कारण अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हुई है।
मौसम विज्ञानी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर पश्चिमी राजस्थान में अच्छी बारिश की संभावना है. सफदरजंग वेधशाला ने पिछले छह दिनों में केवल 2.6 मिमी बारिश दर्ज की। 1 जून को मानसून के आगमन के बाद से सामान्य (106.5 मिमी) के मुकाबले 144.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसमें से 1 जुलाई को सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में 117.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं, मौसम विभाग ने पहले बुधवार को मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था और बाद में गुरुवार के लिए जारी कर दिया था। लेकिन बारिश दिल्ली से दूर रही। मौसम विभाग के मुताबिक 13 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है।
आपको बता दें कि दिल्ली में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हो रही है. इससे भीषण गर्मी बढ़ती जा रही है। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को शहर में हल्की बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी के मुताबिक, शाम को सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 54 फीसदी रहा। सुबह आठ बजे यह 80 फीसदी था। उन्होंने कहा कि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था।